बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कमान संभालने के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच बिहार के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक और विस्तृत चर्चा हुई।
संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री को मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम की तस्वीर वाला विशेष मोमेंटो और मधुबनी पेंटिंग से सजी शॉल की भेंट
मुलाकात के दौरान संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री मोदी को मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम की तस्वीर वाला विशेष मोमेंटो और मधुबनी पेंटिंग से सजी शॉल भेंट की। विशेष धातु से निर्मित इस मोमेंटो में भगवान राम, लक्ष्मण और माता जानकी की आकृतियां सुंदर ढंग से उकेरी गई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की विशिष्ट पहचान मखाना को लेकर भी की विस्तार से चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की विशिष्ट पहचान मखाना को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मखाना उत्पादन से जुड़े किसानों की स्थिति, उनके हितों, रोजगार की संभावनाओं और मूल्य संवर्धन के पहलुओं पर गहन विमर्श किया। साथ ही, मखाना किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
प्रधानमंत्री ने प्रदेश में कल्याणकारी योजनाओं, मिथिला पेंटिंग और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर दिया मार्गदर्शन
इसके अलावा मिथिला क्षेत्र और बिहार के सर्वांगीण विकास को लेकर भी संवाद हुआ। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में कल्याणकारी योजनाओं, मिथिला पेंटिंग और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाने पर भी जोर दिया।
बिहार में संगठन को मजबूत करने और जनसेवा की भावना को और सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन
मुलाकात को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें बिहार में संगठन को मजबूत करने और जनसेवा की भावना को और सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। उन्होंने इसे बिहार के विकास, किसानों के सशक्तिकरण और संगठन की मजबूती की दिशा में प्रेरणादायक भेंट बताया।
संजय सरावगी दिल्ली प्रवास के दौरान जेपी नड्डा, अमित शाह और राजनाथ सिंह से भी कर चुके हैं मुलाकात
उल्लेखनीय है कि इससे पहले संजय सरावगी दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात कर चुके हैं।
बिहार बीजेपी की कमान संभालने के बाद आज पीएम मोदी से मिले संजय सरावगी
