सौसर: गैस संकट पर भड़का जनाक्रोश, विधायक ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, हाईवे जाम की चेतावनी
सौसर क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर जनसमस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे ने नागरिकों के साथ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
मोक्षधाम रोड स्थित एच.पी. गैस वितरण स्थल पर पहुंचे विधायक ने क्षेत्रवासियों की परेशानियों को सुना। उन्होंने बताया कि नगर में एच.पी. गैस एजेंसी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है—न तो कार्यालय उपलब्ध है और न ही सिलेंडर वितरण का कोई तय समय या स्थान। इससे उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
विधायक ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवाईसी प्रक्रिया को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उपभोक्ताओं को यह तक स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किस कार्यालय में जाकर केवाईसी कराना है। वहीं, एजेंसी से संपर्क करने पर भी लोगों को संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा, बल्कि अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं।
नगर पिपला नारायण वार के सैकड़ों उपभोक्ताओं की स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। उनका रजिस्ट्रेशन छिंदवाड़ा में होने के कारण उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जबकि अब उन्हें पांढुर्णा में पुनः रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। ऐसे में तत्काल गैस उपलब्धता को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
विधायक विजय चौरे ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर नेशनल हाईवे जाम करने को मजबूर होंगे।
